भारतवाणी न्यूज़, अररिया।
अररिया जिले के रानीगंज-सरसी मुख्य मार्ग (एसएच-77) पर शुक्रवार की अहले सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। इंद्रपुर गांव के समीप एक ऑटो अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गया, जिसमें सवार चार शिक्षिकाएं और ऑटो चालक गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों में कविता देवी (31) मझुआ पश्चिम, कुमारी अर्चना यादव (26) उत्तर प्रदेश, रेणु देवी (55) बेगूसराय, चंद्ररेखा देवी (56) रानीगंज तथा ऑटो चालक मुकेश कुमार शामिल हैं। घटना के संबंध में स्थानीय लोगों ने बताया कि सभी शिक्षिकाएं ऑटो से स्कूल जा रही थीं। इसी दौरान अचानक सड़क पर एक कुत्ता आ गया। कुत्ते को बचाने के प्रयास में चालक ने नियंत्रण खो दिया, जिससे ऑटो सीधे पेड़ से जा टकराया।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के ग्रामीण तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और सभी घायलों को बाहर निकालकर इलाज के लिए रेफरल अस्पताल रानीगंज पहुंचाया। वहां मौजूद चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण तीन शिक्षिकाओं को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल अररिया रेफर कर दिया गया।
इस घटना के बाद क्षेत्र में सड़क सुरक्षा को लेकर फिर से सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सड़क पर आवारा पशुओं पर नियंत्रण और सुरक्षा उपायों को सख्ती से लागू करने की मांग की है।







