भारतवाणी न्यूज़, अररिया।
अररिया जिले में एलपीजी गैस की उपलब्धता एवं वितरण व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है। वर्तमान में जिले में 9,905 गैस सिलेंडर उपलब्ध हैं और किसी प्रकार की कोई कमी नहीं है।
जिलाधिकारी के निर्देशानुसार गैस आपूर्ति प्रणाली को पूरी तरह पारदर्शी एवं व्यवस्थित बनाया गया है। आपूर्ति व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है। आम जनता से अपील है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें तथा समस्या होने पर जिला नियंत्रण कक्ष से संपर्क करें।
जिला प्रशासन द्वारा प्रत्येक पंचायत में पंचायत सरकार भवन/पंचायत भवन में गैस वितरण कंट्रोल रूम स्थापित किए गए हैं। वहीं शहरी क्षेत्रों में नगर पंचायत एवं नगर परिषद के अंतर्गत तीन-तीन वार्डों का क्लस्टर बनाकर कंट्रोल रूम संचालित किए जा रहे हैं, ताकि उपभोक्ताओं को सुगमता से गैस उपलब्ध हो सके।
सभी गैस एजेंसियों पर पदाधिकारियों एवं कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गई है, जो वितरण प्रक्रिया की सतत निगरानी कर रहे हैं। कंट्रोल रूम के माध्यम से लाभुकों तक सीधे गैस आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है।
इसी क्रम में आज को जिले की 10 गैस एजेंसियों पर छापेमारी कर वितरण व्यवस्था, स्टॉक की उपलब्धता एवं समय पर आपूर्ति की जांच की गई। जांच में सभी एजेंसियों पर गैस सिलेंडर पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध पाया गया।
जिला नियंत्रण कक्ष (दूरभाष संख्या-06453-222309) में 17 मार्च से 10 अप्रैल 2026 तक कुल 343 शिकायतें प्राप्त हुई हैं, जिनमें से 280 का निष्पादन किया जा चुका है, जबकि 63 शिकायतें लंबित हैं। इन लंबित मामलों को संबंधित एजेंसियों के एरिया मैनेजर को शीघ्र निवारण हेतु भेज दिया गया है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में गैस की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और आम उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी।







