भारतवाणी न्यूज़, अररिया।
अररिया जिले के सिकटी थाना क्षेत्र अंतर्गत बोका मुज रख वार्ड संख्या 01 में आपसी रंजिश को लेकर एक किसान पर बेरहमी से मारपीट और जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। पीड़ित किसान जोगेंद्र पासवान (36 वर्ष), पिता- स्वर्गीय गंगा पासवान ने पुलिस अधीक्षक अररिया को आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है।
पीड़ित द्वारा दिए गए आवेदन के अनुसार, घटना 30 मार्च 2026 की सुबह करीब 10 बजे की है। जोगेंद्र पासवान का आरोप है कि गांव के ही रघुनाथ पासवान (42 वर्ष) और शकुंतला देवी (35 वर्ष) ने पुरानी दुश्मनी के कारण उनके खेत में लगी मकई की फसल को जानबूझकर तोड़कर बर्बाद कर दिया। जब उन्होंने इसका विरोध किया और दोनों को समझाने का प्रयास किया, तो आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और लाठी-डंडों व मुक्कों से उन पर हमला कर दिया।
पीड़ित ने बताया कि मारपीट के दौरान शकुंतला देवी ने उन्हें पकड़ लिया, जिसके बाद रघुनाथ पासवान ने तेज धारदार चाकू से उनके पेट पर वार करने की कोशिश की। बचाव के दौरान चाकू उनके गुप्त अंग के पास लग गया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए और काफी खून बहने लगा।
घटना के दौरान जब उनकी पत्नी बीच-बचाव के लिए पहुंची, तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह स्थिति को नियंत्रित किया। इसके बाद गंभीर रूप से घायल जोगेंद्र पासवान को इलाज के लिए सदर अस्पताल अररिया ले जाया गया, जहां उनकी नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए पूर्णिया रेफर कर दिया।
पीड़ित का कहना है कि इस मामले में उन्होंने 30 मार्च को ही सिकटी थाना में लिखित आवेदन दिया था। इस संबंध में कांड संख्या 86/26, दिनांक 05 अप्रैल 2026 दर्ज किया गया, लेकिन अब तक पुलिस द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
पीड़ित ने आरोप लगाया है कि आरोपी अब भी खुलेआम घूम रहे हैं और उनके परिवार को लगातार जान से मारने की धमकी दे रहे हैं, जिससे पूरा परिवार भय के साए में जीने को मजबूर है। जोगेंद्र पासवान ने पुलिस अधीक्षक से मामले की गंभीरता को देखते हुए शीघ्र कार्रवाई कर आरोपियों की गिरफ्तारी और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।







